आज ही के दिन दुनिया को अलविदा कहने वाले वो विवादित क्रिकेट कप्तान, जिसने कभी सच बोलने की हिम्मत की थी

16 साल पहले 1 जून 2002 को क्रिकेटर हैंसी क्रोन्ये की विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी. जानें क्यों उन्हें सबसे विवादित कप्तान कहा जाता है.




news18 hindi | June 1, 2018, 9:11 PM IST


क्रिकेट इतिहास में 1 जून का दिन भला कैसे भुलाया जा सकता है. यही वो दिन है जब क्रिकेट प्रेमियों ने एक बेहतरीन खिलाड़ी और दक्षिण अफ्रीका ने अपने पूर्व कप्तान को हमेशा के लिए खो दिया. आज से 16 साल पहले 2002 में क्रिकेटर हैंसी क्रोन्ये की विमान दुर्घटना में मौत हो गई थी. विवादों में घिरे क्रोन्ये की अचानक मौत से क्रिकेट जगत सदमे में था. (image credit: Facebook@Hansie.Cronje)

साल 1992 के आइसीसी क्रिकेट विश्वकप में 22 वर्षीय हैंसी क्रोन्ये ने साउथ अफ्रीका के लिए वनडे मैचों में डेब्यू किया. ऑस्ट्रेलिया में खेले गए विश्वकप में क्रोन्ये ने अपना पहला मैच 26 फरवरी को सिडनी में मेजबान टीम के खिलाफ खेला.

साल 1994 में दक्षिण अफ्रीका के कप्तान कैप्लर वैसल्स के चोटिल हो जाने से क्रोन्ये को टीम की कप्तानी सौंपी गई. एडिलेड में खेले गए इस मैच में क्रोन्ये ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ टेस्ट मैच में पहली बार कप्तानी की. तब वो महज 24 साल के थे.

हैंसी क्रोन्ये एक बेहद सफल कप्तान के तौर पर उभरे. उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए 138 वनडे मैचों में कप्तानी की, जिसमें से 99 मैचों में क्रोन्ये ने अपनी टीम को जीत दिलाई थी.

लेकिन हैंसी क्रोन्ये का करियर 8 साल ही चल पाया. साल 2000 में मैच फिक्सिंग के खुलासे के बाद क्रिकेट की दुनिया में भूचाल आ गया. दक्षिण अफ्रीका के तत्कालीन कप्तान हैंसी क्रोन्ये पर फिक्सिंग का आरोप लगा. 

शुरू में तो उन्होंने इन आरोपों से इनकार किया, लेकिन 11 अप्रैल 2000 को हैंसी ने खुद ही कबूल कर लिया कि वो फिक्सिंग में शामिल थे. क्रोन्ये ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट बोर्ड के एमडी अली बेचर को खुद फोन करके बताया कि वो इस खेल में पूरी तरह से ईमानदार नहीं थे. इसके बाद क्रिकेट की दुनिया में भूचाल आ गया.

मैच फिक्सिंग प्रकरण के बाद क्रोन्ये पर आजीवन बैन लगा दिया गया. इसके बाद 1 जून 2002 को दक्षिण अफ्रीका के ये दिग्गज कप्तान एक विमान हादसे का शिकार हो गए. क्रोन्ये दक्षिण अफ्रीका की आउटनिक्वूआ माउंटेन के ऊपर से हेलीकॉप्टर से यात्रा कर रहे जब ये दर्दनाक हादसा हुआ.

32 साल हैंसी क्रोन्ये एक बेहद लोकप्रिय खिलाड़ी थे. उनके अंतिम संस्कार में लगभग 2000 से भी ज्यादा लोगों ने हिस्सा लिया. क्रोन्ये ने 68 टेस्ट मैच और 188 वनडे मैच खेले थे और 53 टेस्ट मैचों में उन्होंने दक्षिण अफ्रीका के लिए कप्तानी की थी.

from Latest News क्रिकेट News18 हिंदी
https://ift.tt/2H9xe9V

Post a Comment

0 Comments