बीजेपी कार्यकर्ताओं की हत्या से जुड़े विवाद के बीच पुरूलिया जाएंगे अमित शाह

बीजेपी की पश्चिम बंगाल इकाई के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार शाह का पश्चिम बंगाल का खासकर पुरूलिया का दौरा महत्व रखता है क्योंकि यह पंचायत चुनाव में पार्टी के सुधरे हुए प्रदर्शन और उसके दो कार्यकर्ताओं की कथित हत्या के बाद हो रहा है.



Updated: June 6, 2018, 10:14 PM IST
बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह पुरूलिया के बलरामपुर इलाके में पार्टी के दो कार्यकर्ताओं की कथित हत्या को लेकर जारी विवाद के बीच इस महीने के आखिर में वहां जाएंगे. ये हत्याएं हिंसा से प्रभावित रहे पश्चिम बंगाल के पंचायत चुनाव के बाद हुईं. बीजेपी के प्रदेश महासचिव सयंतन बसु ने कहा कि शाह 27 जून से राज्य का दो दिन का दौरा करेंगे.

उन्होंने कहा , ‘‘28 जून को अमित शाह पुरूलिया के बलरामपुर इलाके का दौरा करेंगे. वह वहां जिला नेताओं के साथ बैठक करेंगे. बाकी कार्यक्रम अभी मंजूर किया जाना बाकी है.’’ पश्चिम बंगाल के पुरूलिया जिले में 31 मई और दो जून को बीजेपी के दो कार्यकर्ताओं, 20 वर्षीय त्रिलोचन महतो एवं 35 वर्षीय दुलाल कुमार के शव पाए गए थे. बीजेपी ने हत्या के पीछे तृणमूल कांग्रेस का हाथ होने का आरोप लगाया. हालांकि सत्तारूढ़ दल ने आरोपों से इनकार किया है.

बीजेपी की पश्चिम बंगाल इकाई के वरिष्ठ नेताओं के अनुसार शाह का पश्चिम बंगाल का खासकर पुरूलिया का दौरा महत्व रखता है क्योंकि यह पंचायत चुनाव में पार्टी के सुधरे हुए प्रदर्शन और उसके दो कार्यकर्ताओं की कथित हत्या के बाद हो रहा है. हत्याओं से राजनीतिक विवाद शुरू हो गया है क्योंकि बीजेपी ने पंचायत चुनाव में बलरामपुर इलाके में तृणमूल कांग्रेस के खिलाफ अच्छा प्रदर्शन किया था.

बीजेपी ने घटनाओं को ‘‘राजनीतिक हत्याएं’’ बताते हुए सीबीआई जांच की मांग की है. शाह अपनी यात्रा के दौरान प्रदेश बीजेपी के नेताओं के साथ बैठक करेंगे और राज्य में संगठनात्मक प्रगति का जायजा लेंगे.

from Latest News देश News18 हिंदी
https://ift.tt/2M2Dkwh

Post a Comment

0 Comments